गैंगस्टर संदीप गाड़ौली के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उससे तंग लोग अब धीरे-धीरे पुलिस के सामने आने लगे हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय के शिकायत प्रकोष्ठ को गाड़ौली के खिलाफ शिकायतें मिली हैं।
कृष्णा कॉलोनी में रहने वाले अन्नू की ओर से दी गई शिकायत में पुलिस को बताया गया है कि वह अपनी डेयरी पर था। जहां पर संदीप व उसके साथियों ने उसकी टांग में गोली मारी थी।
पुलिस की ओर से दर्ज 307 के मामले में उसे अगवा कर शपथ पत्र लिया गया था। जिसके आधार पर मुकदमे को खत्म कराने का प्रयास हुआ था।
एक अन्य शिकायत में प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े विनोद ने बताया कि उसकी शिकायत पर मुकदमा संख्या 609 दर्ज है। जिसमें संदीप गाड़ौली ने उसे अगवा कर रंगदारी मांगी थी।
उसने बताया कि संदीप गाड़ौली के साथ हरियाणा पुलिस के कुछ कर्मचारी भी मिले हुए हैं। संदीप ने किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। उसकी मौत के बाद वह पुलिस के पास आये हैं।
कमिश्ररी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।