शराब माफिया पर पुलिसिया रौब दिखाकर जबरन वसूली करना अपराध शाखा के एक एएसआई, सिपाही व एक्साइज डिपार्टमेंट के हवलदार को भारी पड़ गया।
महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने एएसआई को वसूली करते दबोच लिया, जबकि अपराध शाखा का सिपाही व एक्साइज डिपार्टमेंट का हवलदार मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने वसूले गए 1.13 लाख रुपये और एक अवैध देसी पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए हैं। अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि सोमवार की रात महेंद्र्र पार्क एसएचओ अन्य स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग पर थे।
इस बीच जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास एक सेंट्रो कार के पास उन्होंने कुछ लोगों को संदिग्ध हालत में देखा। एसएचओ वहां पहुंचे और कार के पास पहुंचकर लोगों से पूछताछ की।
शराब तस्करी के बदले वसूल रहे थे पैसे
कार के बाहर खड़े शख्स ने बताया कि वह एएसआई तेजवीर है व दूसरा सिपाही जगबीर है, दोनों क्राइम ब्रांच में हैं। तीसरे अन्य शख्स ने बताया कि वह एक्साइज डिपार्टमेंट का हवलदार नरेंद्र है।
इसी बीच दिल्ली के विजय विहार निवासी हसरत अली ने बताया कि वह हरियाणा से शराब तस्करी कर दिल्ली लाता है। उसका चालक रिंकू टाटा-407 से शराब लेकर दिल्ली आया था। तेजवीर, जगबीर व नरेंद्र ने टेंपो को पकड़कर उसे छोड़ने के एवज में तीन लाख मांगे थे।
हसरत के मुताबिक उसने 1.63 लाख रुपये तेजवीर को दे भी दिए थे। एसएचओ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तेजवीर को दबोच लिया। उसके पास से अवैध हथियार व 1.13 लाख रुपये बरामद हो गए।
जासूसी एजेंसी चलाने वाले भी पकड़ाए
तेजवीर ने बताया कि 25-25 हजार रुपये उसने जगबीर व नरेंद्र को दे दिए। जगबीर, नरेंद्र व चालक पिंटू शराब के टेंपो समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जबरन वसूली का मामला दर्ज कर तेजवीर को गिरफ्तार कर लिया।
खुद को पुलिसकर्मी बताकर शराब ठेके के मैनेजर से उगाही करने वाले दो बदमाशों को पूर्वी जिला पुलिस ने दबोचा है। आरोपियों की पहचान लक्ष्मी नारायण और वकील खान के रूप में हुई है।
दोनों ही एक प्राइवेट जासूसी एजेंसी में काम करते हैं। पुलिस ने उनके पास से एक शराब की पेटी, 19 हजार रुपये, कार व वायरलेस सेट बरामद किया है।