नोएडा सिटी सेंटर के पास शुक्रवार रात एक टेनिस कोच ने तीन पुलिस कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उधर, पुलिस का कहना है कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक युवक घायल पड़ा है।
उसे नजदीकी सुरभि अस्पताल ले जाया गया, जहां पर शराब के नशे में युवक गाली गलौच करता रहा। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल ले गए। संतोष झा ने बताया कि वह गौर सिटी में टेनिस कोच हैं।
शुक्रवार देर रात दिल्ली से वह अपनी बाइक से होशियारपुर लौट रहे थे। सेक्टर-32 सिटी सेंटर के पास तीन वर्दीधारी पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका। इस दौरान गाड़ी में बैग चेक करने पर उसमें टेनिस रैकेट मिला।
उनके पास गाड़ी का इंश्योरेंस नहीं था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मी उसे गाड़ी में डालकर चौकी ले गए। वहां पिटाई की और बिजली का शॉक दिया।
उधर, शनिवार सवेरे अस्पताल में भर्ती पीड़ित से जब लोगों ने पूछताछ की तो वह बार-बार अपने बयान बदल रहा था। एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच एसपी सिटी योगेश सिंह को दी गई है। अगर जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।