विघ्नेश्वरा डेवलपर्स पर करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। सुशांतलोक थाना प्रभारी ने एक नोटिस जारी कर कंपनी प्रबंधन से मामले से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। इसके साथ ही पुलिस ने एमडी व चेयरमैन का उपचार कर रहे अस्पताल से उनकी बीमारी की जानकारी मांगी है।
पुलिस को पता चला है कि विघ्नेश्वरा डेवलपर्स के एमडी सुनील दहिया और चेयरमैन दरियाव सिंह के हृदय की बीमारी का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने अभी उनको आराम करने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि विघ्नेश्वरा डेवलपर्स की ओर से कई प्रोजेक्ट मास्टर प्लान व आईएमटी में आ रहे हैं। निवेशकों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से बुकिंग के बाद सभी को समय पर कब्जा नहीं दिया गया।
कंपनी ने निवेशकों से करार किया था कि उनको निर्धारित समय पर कब्जा मिल जाएगा। अगर नहीं मिलता है तो उनको उनकी साइट का मिलने वाले किराए का भुगतान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि डेवलपर्स की ओर से एक करोड़ रुपये लगाने वालों को एक प्रतिशत की दर से एक लाख रुपये प्रतिमाह की दर से किराया भी दिया गया था। इसमें से टीडीएस का पैसा कट कर निवेशकों को मिलता था। यह रकम न मिलने के बाद विरोध के स्वर तेज हो गए।