मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि जिले के एएटीएस को सूचना मिली कि वाहन चोरों का गैंग यूनिटी एंक्लेव, सेक्टर-28, रोहिणी के पास आने वाला है। इन लोगों ने एक खाली प्लाट में चोरी की क्रेटा कार खड़ी की हुई है। सूचना के बाद टीम ने मौके पर जाल बिछा दिया। इस दौरान जैसे ही आरोपी जयंत कार लेने आया, उसे दबोच लिया गया। जांच के दौरान क्रेटा कार बिंदापुर इलाके से चोरी मिली।
आरोपी जयंत ने बताया कि कार उसने अपने साथी प्रमोद नागर के साथ मिलकर चोरी की थी। वह प्रमोद और दीपक नामक युवकों के साथ मिलकर कारें चोरी करते हैं। बाद में इनको मेरठ के नदीम गैंग को बेच दिया जाता है। क्रेटा कार से पुलिस को एक किया-सेल्टोस कार की नंबर प्लटि मिली। उसे इन लोगों ने मोहन गार्डन इलाके से चोरी किया था। जयंत को रिमांड पर लिया गया।
उसने बताया कि नदीम गैंग का रिसीवर याहया कार लेने दिल्ली आने वाला है। जानकारी जुटाने के बाद आरोपी को रोहिणी जेल के पास से दबोच लिया गया। उसके पास से चोरी की एक ब्रेजा कार बरामद हुई। ब्रेजा विजय विहार इलाके से चोरी मिली। याहया की निशानदेही पर एक आई-20 कार व स्कूटर बरामद हुआ। प्रमोद ने स्कूटर चोरी कर याहया को 40 हजार में बेचा था। स्कूटर से पहले रैकी की जाती थी।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जयंत ने बताया कि वह 12वीं कक्षा पास है। पहने वह बाउंसर का काम करता था। लेकिन रुपयों के लालच में वह वाहन चोर बन गया। वहीं मेरठ का रहने वाला याहया सऊदी अरब में चालक की नौकरी करके भारत आया था। इसके बाद आकर वह नदीम गैंग के साथ मिलकर चोरी के वाहनों को दिल्ली से लाने का काम करने लगा।