लोनी बार्डर थाना क्षेत्र में एक ज्वैलरी की दुकान में चोरी करने वाला गैंग फिर से सक्रिय है। मुखबिर से मिली सूचना के मुताबिक, गैंग फिर से नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद लोनी बार्डर थाना पुलिस, ग्रामीण जोन स्वाट टीम पुलिस कमिश्नरेट टीम ने लाल बाग इलाके में सघन चेकिंग की। इस दौरान तीन संदिग्ध टॉर्च लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर वे भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाश का नाम परशुराम और धर्मेन्द्र है। वहीं, तीसरे का नाम कुत्ती है। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं बदमाशों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 10 जनवरी को ज्वेलरी की दुकान में चोरी की थी। अब ये नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। गैंग के अन्य साथी अभी भी फरार हैं।
एसीपी अंकुर विहार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस टीमों को फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और कुछ सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।