गारमेंट्स मार्केट में लगे करीब 450 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सीसीटीवी फुटेज से पता लगा कि चार युवक मार्केट में रैकी करते हुए घूम रहे हैं। आरोपी मोटरसाइकिलों से ऑटो का पीछा करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। पता लगा कि एक मोटरसाइकिल वारदात से पहले लाजपत नगर इलाके से चुराई गई है। करीब 10 हजार मोबाइलों के डंप डाटा को खंगालने के बाद वारदात में इस्तेमाल की गई ईको वैन चालक हर्ष का मोबाइल नंबर पता लगा। आखिरकार पुलिस ने श्रीनिवासपुरी से अबू बकर व जीशान उर्फ मंत्री को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी टीम ने आसिफ को पानीपत, हरियाणा से एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। वह महिला दोस्त के साथ था और मनाली घूमने जा रहा था। पुलिस हर्ष की तलाश कर रही है।
पैसे के लेन-देन के बारे में पता था
जीशान ने पूछताछ में बताया कि वह अमर कॉलोनी मार्केट में एक गारमेंट्स दुकान में काम करता था। उसे बाजार में अमर कॉलोनी से चांदनी चौक पैसे जाने के बारे में पता था। रमजान में उसने नौकरी छोड़ दी थी। उसने अबू बकर व अन्य के साथ लूटपाट की साजिश रची। इन्होंने सुनसान जगह पर लूटपाट की साजिश रची थी, ताकि वह आसानी से फरार हो सके। वारदात के बाद ये जीशान के बुलंदशहर में रहने वाले मामा के घर भाग गए थे और लूट की रकम आपस में बांट ली थी।