इंस्टाग्राम पर रील बनाने के लिए युवा न सिर्फ अपना बल्कि दूसरों का भी जीवन खतरे में डाल रहे हैं। राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कृष्णा गौतम (20) के रूप में हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
दरअसल, 30-31 मार्च की रात को पुलिस ने आरोपी कृष्णा की केटीएम बाइक को डीपी एक्ट-66 में बंद किया था। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कृष्णा ने थाने के भीतर खड़ी बाइक को निकालते समय ही रील बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद थाने के गेट से निकलते ही उसने बाइक से स्टंट कर पुलिस को ठेंगा दिखा दिया। वीडियो पुलिस की संज्ञान में आया तो फौरन मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी बाइक भी जब्त कर ली है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया है कि वह इंस्टाग्राम पर अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए इस तरह की रील बना रहा था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि चार अप्रैल को इंस्टाग्राम पर चल रहा वीडियो पुलिस की संज्ञान में आया था। बाइक के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाकर डालता है। 30 मार्च की रात को उसकी बाइक को पुलिस ने बंद कर दिया था। बाइक को थाने से निकालने और फिर उस पर स्टंट करने की रील को अपलोड किया था। राजौरी गार्डन थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।