द्वारका नॉर्थ इलाके में दबदबा बनाने के लिए युवक की पीटकर हत्या करने वाले घोषित बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने भाई और एक साथी के साथ मिलकर जून माह में युवक की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी के भाई और साथी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
विज्ञापन
आरोपी की पहचान राहुल उर्फ जूडी के रूप में हुई है। उस पर पहले से डकैती, झपटमारी और चोरी के सात मामले दर्ज हैं। वह द्वारका नॉर्थ थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 24 जून को पुलिस को भरत विहार बी ब्लॉक में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की जानकारी मिली। घायल युवक की पहचान भरत विहार निवासी संदीप के रूप में हुई। परिवार वाले उसे अस्पताल में भर्ती करा चुके थे। उसके मामा कन्हैया ने पुलिस को बताया कि उसके भांजे को राहुल उर्फ जूडी ने बुलाया था।
इसी बीच किसी ने उसे बताया कि राहुल अपने भाई रवि और दोस्त बाबू मद्रासी के साथ मिलकर संदीप की पिटाई कर रहा है। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि तीनों आरोपी उसके भांजे की पिटाई कर रहे हैं। जब तक वह वहां पहुंचे, राहुल ने उसके सिर पर गमले से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया। उसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।