फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांग्लादेशी लुटेरों का गिरोह पकड़ा: पुलिस से बचने को अंडरपास में कूदे, तीन के पैर तो एक के हाथ की हड्डी टूटी

Wed, 10 Jun 2026 09:43 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम

सार

आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में जांच में पता चला कि आरोपियों का गिरोह है। ये पहले दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग इलाके में जाकर रैकी करते हैं। बड़ा मकान देखकर चोरी/लूट/डकैती की वारदातों को अंजाम देते हैं। चारों आरोपी बांग्लादेश के नागरिक हैं।
विज्ञापन
बांग्लादेशी लुटेरे गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुरुग्राम के सेक्टर-23 में सेवानिवृत्त कर्नल के बेटे विकास जैन और उनकी पत्नी व बेटी को बंधक बनाकर लूटने करने वाले चार नकाबपोश बदमाश बांग्लादेश के नागरिक थे। अपराध शाखा पालम विहार की टीम आरोपियों को पकड़ने बजघेड़ा अंडरपास के पास पहुंची। चारों आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगभग 20 फीट नीचे अंडरपास में कूद गए। इस दौरान तीन आरोपियों के पैर तो चौथे के हाथ की हड्डी टूट गई। 

विज्ञापन

एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि आरोपियों को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पूछताछ कर लूटी गई जूलरी व अन्य सामान बरामद किया जाएगा। 

तीन जून की देर रात ढाई बजे हुई थी वारदात
पालम विहार थाना इलाके में सेक्टर-23 के सेवानिवृत्त कर्नल सी एल जैन के मकान में ये वारदात 3 जून की देर रात ढाई बजे हुई थी। पीछे की ओर से पहली मंजिल पर पहुंचे चार नकाबपोश बदमाशों ने पहली मंजिल पर रहने वाले कर्नल के बेटे विकास जैन, उनकी पत्नी व बेटी को बंधक बनाया। बदमाश एक कमरे की खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल काटकर अंदर घुसे। यहां लगभग आधे घंटे तक दंपती व बेटी को बंधक बनाकर जूलरी, नकदी व अन्य सामान लूटकर आरोपी धमकी देने के बाद भाग गए। पालम विहार थाना में 4 जून को एफआईआर दर्ज हुई।

मामले में थाना पुलिस के साथ ही अपराध शाखा टीमों को भी जांच में लगाया गया। अपराध शाखा पालम विहार की टीम को मंगलवार 9 जून की देर रात सूचना मिली कि लूटपाट करने वाले गिरोह के चार बदमाश बजघेड़ा अंडरपास के पास मौजूद हैं। चारों अब फिर से किसी लूट की वारदात को अंजाम दे सकते हैं। अपराध शाखा टीम यहां पहुंची तो पुलिस को देखकर चारों आरोपी सड़क से नीचे अंडरपास में कूद गए। लेकिन ऊंचाई से कूदने पर नीचे गिरते ही चारों को चोट लगी। अपराध शाखा टीम आरोपियों तक अंडरपास में पहुंची और काबू किया। 

आरोपियों की पहचान हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल अरमान और मोहम्मद मामन के तौर पर हुई। चारों बांग्लादेश के नागरिक हैं और अवैध रूप से भारत में आकर अब दिल्ली के संगम विहार में ठहरे हुए थे। आरोपी खैरुल उर्फ अरमान के दोनों पैर में चोट आई है। आरोपी मामन व हिलाल के एक पैर में चोट आई है। आरोपी मामो खान के एक हाथ में चोट आई है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

आरोपियों पर दर्ज हैं 24 से ज्यादा केस
शुरुआती पूछताछ व जांच में पता चला कि आरोपी हिलाल पर चोरी करने, शस्त्र अधिनियम, डकैती सहित विभिन्न धाराओं के तहत 12 केस दिल्ली में दर्ज हैं। आरोपी मामो खान पर चोरी करने का 1 केस दिल्ली में दर्ज है। आरोपी मोहम्मद खैरुल अरमान पर चोरी करने, डकैती करने, गैंगस्टर एक्ट, हत्या करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत 8 केस हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में दर्ज है। आरोपी मोहम्मद मामन पर चोरी करने, लूट/डकैती करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत 3 केस गुरुग्राम व दिल्ली में दर्ज हैं।
विज्ञापन

बांग्लादेश से आकर लूट की कई वारदात करते, वापस बांग्लादेश भाग जाते हैं आरोपी
आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में जांच में पता चला कि आरोपियों का गिरोह है। ये पहले दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग इलाके में जाकर रैकी करते हैं। बड़ा मकान देखकर चोरी/लूट/डकैती की वारदातों को अंजाम देते हैं। चारों आरोपी बांग्लादेश के नागरिक हैं। भारत में आकर आपराधिक वारदात को अंजाम देने के बाद वापस बांग्लादेश भाग जाते हैं। इस बार भी आरोपियों ने इसी प्रकार से योजना बनाई थी की लूट की वारदात कर बांग्लादेश भाग जाएंगे। भागने से पहले ही ये दूसरी वारदात करते गुरुग्राम आए और पुलिस के हत्थे चढ़ गए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें