गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार कर विभिन्न न्यूज चैनलों की माइक आईडी, प्रेस कार्ड, विजिटिंग कार्ड, पैन कार्ड व अवैध असलहा बरामद किया है। दोनों आरोपी पत्रकार का रौब दिखाकर लोगों को डरा धमकाकर अवैध वसूली किया करते थे। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार व उनकी टीम ने हिस्ट्रीशीटर अंकित निवासी गांव चूनसा जिला शामली व गुलफाम सैफी निवासी गांव अटूटा जिला हापुड़ को गांव बदरखा पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी गुलफाम ने पिछले कई माह पहले भूपेंद्र सागर निवासी गांव बहादुरगढ़ से व्हाट्एप कॉल कर ओयो होटल वालों को सपोर्ट करने की ऐवज में 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद आरोपी ने भूपेंद्र को डराया धमकाया भी था। इस पर भूपेंद्र ने आरोपी के भाई इसरार के खाते में 800 रुपये फोन पे भी कराए थे।
13 जून की शाम साढ़े पांच बजे आरोपी अपने साथी हिस्ट्रीशीटर अंकित को साथ लेकर भूपेंद्र के पास पहुंचा था। इस दौरान आरोपियों ने उनसे 50 हजार रुपये की रंगदारी देने का दबाव बनाया था। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी भी दी थी। साथ ही आरोपी अंकित ने तमंचा दिखाकर उन्हें डराया व धमकाया भी था। इतना ही नहीं आरोपी अपना रौब अधिकारियों पर जमाने के लिए उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर ट्वीट भी किया करते हैं।
इस संबंध में उन्होंने थाने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। एसपी ने बताया कि यह गिरोह पिछले एक साल से सक्रिय था। साइबर सेल इस गिरोह के नेटवर्क व अन्य संभावित साथियों की जांच कर रही है। आरोपी अंकित हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। आरोपी अंकित के खिलाफ जिला शामली, मुजफ्फरनगर व मेरठ में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट व गैंगस्टर के 20 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार से सम्मानित भी किया है।