ओला बाइक बुक कर यात्रा करने वाली सवारियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। बृहस्पतिवार रात एक बजे के करीब सेक्टर-49 पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके पास से लूट का लैपटॉप, आईफोन और तमंचा समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। अभी तक घायल बदमाश के खिलाफ बिसरख, सूरजपुर और सेक्टर-49 थाने में धोखाधड़ी, हत्या का प्रयास और लूट की धाराओं में केस दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अन्य थानों से भी घायल बदमाश का आपराधिक इतिहास पता कर रही है।
बदमाश की पहचान मामूरा निवासी 34 वर्षीय प्रमोद सिंह के रूप में हुई। उसके पास से भूरे रंग का लेदर का लेडीज बैग, मेकअप किट बैग, एक लेडीज पर्स , डेबिट, मेट्रो, आधार, पेन और क्रेडिट कार्ड, डायरी, एक लैपटाप, एक आईफोन और तमंचा समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। जांच में सामने आया है कि प्रमोद जिस बाइक से बुकिंग राइड लेता था, वह भी चोरी की है।
दरअसल, बिसरख निवासी अधीरा सक्सेना ने बृहस्पतिवार रात दस बजे के करीब सेक्टर-52 जाने के लिए ओला राइड बुक की थी। सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास वह जब भुगतान करने के लिए खड़ी हुईं, तभी ओला बाइक राइडर ने उनका मोबाइल और पर्स छीन लिया। पीड़िता को धक्का देते हुए बाइक राइडर मौके से तेजी से फरार हो गया। आनन-फानन में पीड़िता थाने पहुंची और घटना की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाश को दबोचने के लिए एक टीम बनाई, जिसके कुछ ही घंटे बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओला बाइक राइडर लूट का मोबाइल और पर्स लेकर सर्विस रोड की तरफ जा रहा है।
मौके पहुंची पुलिस ने ओला बाइक राइडर को रोकने का प्रयास किया। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने बाइक सर्विस रोड पर ही छोड़ दी और भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। एसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि युवती की घटना पर टीम बनाकर कार्रवाई की गई, जिसके बाद बदमाश को दबोच लिया गया। फिलाहाल पुलिस बदमाश का अपराधिक इतिहास पता कर रही है।