विदेशियों को लोन दिलाने के नाम पर उनसे बैंक अकाउंट में यूएस डॉलर ट्रांसफर करवाने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का अपराध शाखा सेक्टर-10 ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कॉल सेंटर से पूर्वोत्तर के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। यह फर्जी नाम से लोगों को कॉल करते थे। उद्योग विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एसीपी डॉ. हितेश यादव को पिछले कुछ दिनों से इस संदर्भ में सूचना भी मिल रही थी।
पुलिस के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम बृहस्पतिवार रात उद्योग विहार क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि उद्योग विहार फेस-5 में एक फर्जी कॉलसेंटर चल रहा है। इस पर पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मौके पर छापेमारी की। यहां से चार युवकों को काबू किया गया।
आरोपियों की पहचान नागालैंड निवासी कीनीसीजो उर्फ स्टीवन, मणिपुर निवासी वुरंगाचोन उर्फ निंग खान, लालरोसुंग व ल्यूथियूइंग के रूप में हुई। इसमें स्टीवर इनका सीनियर है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि कॉल सेंटर जेम्स और जॉन द्वारा चलाया जा रहा था। उन्हीं के द्वारा कॉल करने के लिए डाटा उपलब्ध करवाया जाता था।
यह मुख्य रूप से यूएसए, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया के लोगों को लोन दिलाने के लिए फोन करते थे। फोन इंटरनेट के माध्यम से किए जाते थे। सबसे अधिक फोन यूएसए में किए जाते थे। सभी को कॉल करने के लिए अलग फर्जी नाम दिया गया था। लोन की प्रक्रिया के नाम पर यह उनसे करीब 800 यूएस डॉलर अकाउंट में ट्रांसफर करवाते थे।
पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि आरोपियों द्वारा बताए गए उनके नामों की भी जांच की जा रही है। यह 15 दिन से ही कॉल सेंटर में काम कर रहे थे। प्रत्येक 15 से 20 दिन में स्टाफ बदल दिया जाता था। इनसे बिल्डिंग का रेंट एग्रीमेंट मिला है, जिसके अनुसार फरवरी 2018 से यहां कॉल सेंटर चल रहा था। मामले की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपियों को पकड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।