मामले की जांच कर रहे डीएलएफ प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार की टीम ने सोमवार देर शाम इस मामले में अशोक विहार, पार्ट-3, गुरुग्राम निवासी एक महिला और गांव नांगल जाट, पलवल निवासी रामबीर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इस मामले में उनके साथ अशफाक, सलीम, दिनेश, गोपाल, रामधन व एक अन्य महिला शामिल है।
दोनों महिलाएं लोगों को हनीट्रैप में फंसाती हैं। इसके बाद गिरोह के बाकी लोग उनका अपहरण कर रुपयों की मांग करते हैं। गिरफ्तार महिला गिरोह के सरगना अशफाक की पत्नी है। आरोपी ने बताया कि अशफाक ही उसे लोगों को फंसाने के लिए भेजता था।
कई लोगों को बना चुके हैं शिकार
इंस्पेक्टर नवीन के अनुसार, आरोपी रमेश जैन के अलावा कई और लोगों को भी अपना शिकार बना चुके हैं। पुलिस के अनुसार, पिछले साल 20 नवंबर को आरोपियों ने रामनगर, पलवल निवासी देव उर्फ अभिषेक को भी इसी तरह फंसाया और 12 लाख रुपये की मांग की। बाद में आरोपियों ने उससे तीन लाख रुपये लेकर छोड़ा।
इसी तरह 10 नवंबर को गांव कोंडल, पलवल निवासी गया लाल मास्टर का अपहरण कर उसे भी दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में उन्हें 6.60 लाख रुपये लेकर उन्हें छोड़ा। पुलिस इनके फरार साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।