गटर की सफाई करने के लिए उतरे सफाई कर्मी समेत दो की जहरीली गैसों की चपेट में आकर मौत हो गई। जबकि एक अचेत हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक, ईएसआई अस्पताल के गेट के सामने सफाई कर्मी बुलंदशहर निवासी बबलू (30) मेनहोल का ढक्कन हटा कर गटर के अंदर सफाई करने के लिए उतर रहा था। अचानक गटर से निकली जहरीली गैसों की चपेट में आकर वह बेहोश होकर नीचे जा गिरा।
पढ़ें: देसी कट्टा लहरा रहा था तभी आ गई पुलिस
उसे नीचे गिरता देख सामने फल की दुकान लगाने वाला मूल रूप से कासगंज निवासी श्यामवीर (40) उसे बचाने के लिए दौड़ा और गटर के अंदर कूदा लेकिन वह भी गैसों की चपेट में आकर बेहोश हो गया।
इसी दौरान वहीं पर मोबाइल की दुकान करने वाला श्यामवीर का साढू रामू यादव भी गटर के पास पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश करने लगा। लेकिन गैसों की चपेट में आकर वह भी गटर के अंदर अचेत होकर गिर गया।
हादसे को देख आसपास के लोग फौरन मदद के लिए दौड़े। पुलिस व फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। इसी बीच लोगों ने रस्से मंगवा कर रामू को किसी तरह बाहर निकला और बेहोशी की हालत में उसे ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया।
पढ़ें: इसलिए पूर्व डीजी ने खुद को मारी गोली
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से श्यामवीर व बबलू को भी गटर से बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया था। मौके पर भारी भीड़ देख कर किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए मौके पर पीएसी व भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सेक्टर-24 पंकज पंत के मुताबिक रामू की हालत अब ठीक है। रामू की शिकायत पर सफाई कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई करेगी। जिसने बबलू को बिना किसी सुरक्षा तैयारियों के गटर में उतारा था।
पहले भी हो चुकी हैं कईं मौतें
सीवरेज में गिरने व दम घुटने के मामले (एनसीआर)
05 दिसंबर, 2013 : दिल्ली के नरेला इलाके में तीन मजदूरों की मौत।
29 नवंबर, 2013 : गुड़गांव के अंसल हाउसिंग प्रोजेक्ट में दो मजदूरों की मौत।
16 जुलाई, 2013 : दिल्ली स्थित इंदिरागांधी नेशनल सेंटर फॉर आर्ट में तीन मजदूरों की मौत।
21 जून, 2013 : नोएडा स्थित असगरपुर गांव में चार मजदूरों की मौत।
14 अगस्त, 2013 : दिल्ली के साउथ द्वारका इलाके में एक छात्र की मौत।
05 जुलाई, 2012 : गुड़गांव के मानेसर में पांच साल के बच्चे की मौत।
16 जून, 2012 : दिल्लीकोंडली जल बोर्ड के दो कर्मचारी की मौत।
16 अक्तूबर, 2011 : नोएडा के सेक्टर 11 स्थित आईटी कंपनी के सीवरेज में दो मजदूरों की मौत।
05 मई, 2011 : दिल्ली के बसंत कुंज इलाके में तीन मजदूरों की मौत।