जामिया के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम की व्यस्तता को समारोह में शामिल नहीं होने का कारण बताकर खेद जताया है।
हालांकि प्रधानमंत्री मोदी ने कुलपति को बधाई व धन्यवाद देते हुए भविष्य में कार्यक्रम में शिरकत करने का आश्वासन दिया है। जामिया में अब 19 जनवरी को दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। जिसमें जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा को डी. लिट की मानद उपाधि देकर सम्मानित किया जाएगा।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के प्रवक्ता व प्रोफेसर डॉ. मुकेश रंजन के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यस्तता के चलते दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय से समारोह में मोदी के शिरकत नहीं करने की सूचना मिलने के बाद अब 19 जनवरी को भोपाल ग्राउंड में दीक्षांत समारोह आयोजित होगा।
इसमें जाने-माने वैज्ञानिक प्रो. गोवर्धन मेहता बतौर मुख्य अतिथि और जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा विशेष रूप से शिरकत करेंगे।