प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहिबाबाद स्टेशन पर देश की पहली रैपिड रेल नमो भारत को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि मुझे छोटे सपने देखने की आदत नहीं और न ही मरते-मरते चलने की। पीएम मोदी ने कहा, पहले भी कहा और आज भी कह रहा हूं, हम जिसका शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी करते हैं। रैपिड रेल का मेरठ वाला हिस्सा एक साल में पूरा होगा, तब भी मैं आपके बीच आऊंगा। उन्होंने कहा, मेरा बचपन रेलवे स्टेशन पर बीता है, आज रैपिड रेल नमो भारत के स्टेशन का शानदार अनुभव मुझे आनंदित करने वाला है।
गहलोत जी की उड़ जाएगी नींद, नमो भारत राजस्थान तक
पीएम मोदी ने रैपिड रेल नमो भारत के विस्तार की योजना पर बताया, जल्द ही यह दिल्ली-एनसीआर के कई शहरों के साथ राजस्थान तक भी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर राजस्थान बोल दिया तो अशोक गहलोत जी की नींद खराब हो जाएगी।
शाबाश! बेटियों ने संभाली कमान
रैपिड रेल नमो भारत की कमान पूरी तरह से बेटियों के हाथ में रही। पीएम नरेंद्र मोदी को जब यह बताया गया कि ट्रेन को चलाने से लेकर नियंत्रण तक की जिम्मेदारी महिलाएं ही निभा रही हैं, तो वे गदगद हो उठे। उन्होंने साहिबाबाद से दुहाई और फिर वापसी के सफर के दौरान महिला क्रू सदस्यों से बात की।
उन्होंने कहा कि सिर्फ ट्रेन ही नहीं चला रहीं, बेटियां लड़ाकू विमान भी उड़ा रही हैं। पीएम ने गाजियाबाद की मीनाक्षी और एकता समेत ट्रेन की पांच ऑपरेटरों से एक अभिभावक की तरह बात किया। पीएम ने उनसे रैपिड रेल चलाने के उनके अनुभव के बारे में पूछा।
ट्रेन हो या स्टेशन...एक खरोंच भी न आए
पीएम मोदी ने अपने खास अंदाज में लोगों से कहा, आपसे एक चीज मांगना चाहता हूं, क्या आप देने के लिए तैयार हैं? लोगों ने कहा, तैयार हैं। इसके बाद पूछा कि साइकिल हो या स्कूटर... आप उसे चमकाकर रखते हैं ना, रोज सुबह कपड़ा मारते हैं। जैसे आप अपने वाहन की सफाई रखते हैं, वैसे ही ट्रेन से लेकर स्टेशन तक की रखनी है। ये भी तो आपकी ही है। इन पर एक खरोंच भी नहीं आनी चाहिए। इस पर सामने से आवाज आई, नहीं आएगी.. नहीं आएगी।
भाई बहनों की जगह मेरे परिवारीजनों
पीएम मोदी पहले अपना भाषण भाइयों एवं बहनों के संबोधन से शुरू करते थे, लेकिन यहां उन्होंने शुरू से लेकर आखिर तक परिवारीजनों कहा। बोले, आप मेरे परिवारीजन हैं। आप दुखी होते हैं तो मैं दुखी होता हू्ं, आप खुश रहते हैं तो मैं खुश रहता हूं।
यूपी, राजस्थान व दिल्ली कर्नाटक पर फोकस
पीएम मोदी के भाषण में चार राज्यों का नाम सबसे ज्यादा बार आया। ये हैं यूपी, कर्नाटक, राजस्थान और दिल्ली। उन्होंने कहा कि राजस्थान तक नमो भारत का विस्तार किया जाएगा। कर्नाटक को मेट्रो की सौगात देने के बारे में बताया। दिल्ली में इलेक्ट्रिक बस चलाए जाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यूपी में चल रहीं योजनाओं पर भी रोशनी डाली। उनके संसदीय क्षेत्र काशी में चल रहे प्रोजेक्ट का जिक्र करना भी नहीं भूले।
गर्व है...हम चला रहे रैपिड रेल
रैपिड रेल चलाने से लेकर कंट्रोल रूम तक की जिम्मेदारी निभा रहे स्टाफ में 60 फीसदी से ज्यादा महिलाएं हैं। पीएम ने जब महिलाओं से पूछा तो उन्होंने कहा, यह बेहद शानदार अनुभव है। हमें गर्व होता है कि वह देश की पहली रैपिड रेल चला रही हैं। सीएम योगी ने भी महिला कर्मचारियों से बात की। उन्होंने सहायक ऑपरेटर मुरादरनगर की अनुप्रिया भारद्वाज से बातचीत भी की।
रेशम ने चलाई ट्रेन
पीएम मोदी और योगी के ट्रेन में सफर करने के दौरान इसे चलाने की जिम्मेदारी रेशम पर रही। गाजियाबाद की ही रहने वाली रेशम ट्रेन के मुख्य ट्रायल रन के बाद से ही इस जिम्मेदारी को निभा रही हैं।