दिल्ली एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण स्तर को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि शहर में प्रदूषण कम हो, इसके लिए हमने निरंतर प्रयास किया है। बीते पांच वर्षों में दिल्ली में सैकड़ों नए सीएनजी स्टेशन बनाए गए हैं। यहां जो उद्योग-धंधे चल रहे हैं, उनमें से आधों को पीएनजी आधारित बनाया जा चुका है।
साथ ही उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली के भीतर सड़कों का काम तो किया ही, साथ ही दिल्ली के चारों ओर पेरिफरल एक्सप्रेस वे का निर्माण किया गया है। यह एक्सप्रेस वे वर्षों से अटका, भटका, लटका पड़ा था। इसे पूरा करने का काम भी हमारी सरकार ने किया है।
दिल्ली मेट्रो के फेज-4 को लेकर भी पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि अगर यहां की राज्य सरकार ने बेवजह के अड़ेंगे न लगाए होते, तो इसका काम भी काफी पहले शुरू हो गया होता। इसलिए मैं कहता हूं कि आप के नाम पर राजनीति करने वाले, आपकी तकलीफों को कभी न समझे हैं और न समझने का इरादा है।