फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

26/11 हमले पर कांग्रेस फैसला लेती तो नासूर न बनता आतंकवाद : पीएम मोदी

Sun, 10 Mar 2019 02:15 AM IST
vivek shukla ब्यूरो, अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा 
विज्ञापन
pm modi
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर ग्रेटर नोएडा पहुंचे और नोएडा के सिटी सेंटर से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक की ब्लू लाइन मेट्रो के विस्तार व पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान का शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने एयर स्ट्राइक के सबूत मांगने पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर मुंबई में 26/11 हमले के बाद कांग्रेस सरकार ने कार्रवाई का फैसला लिया होता तो आज आतंकवाद देश के लिए नासूर नहीं बनता। 

विज्ञापन


विपक्षियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे मोदी विरोध की जिद में देश का विरोध कर रहे हैं। आज भारत नई नीति-रीति से आगे बढ़ रहा है। उरी के बाद आतंकवादियों को सर्जिकल स्ट्राइक से उन्हीं की भाषा में समझाया। पुलवामा के बाद भारत ने नए तरीके से काम किया। आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा। 

उनके सरपरस्तों को भारत से इस तरह के हमले की उम्मीद नहीं थी। रात 3:50 बजे पाकिस्तान सो रहा था। सुबह पांच बजे कहना शुरू किया कि मोदी ने मारा है। अगर 26-11 के हमले के बाद कांग्रेस सरकार ने निर्णय लिया होता तो आतंकवाद न बढ़ता। सेना का खून खौल रहा था, जबकि सरकार ठंडे बस्ते में थी। 
विज्ञापन


उन्होंने जनसभा में लोगों से सवाल किया किया इस तरह से देश की सुरक्षा होती है। क्या आपको ऐसा चौकीदार चाहिए। अब आतंकवादियों को समझ में आ गया है कि नए तरह का भारत है। आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में समझाया है। 

नमक यहां खाते हैं, भाषा पाकिस्तान की बोल रहे हैं
मोदी ने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे देश के कुछ लोग नमक तो यहां का खा रहे हैं, लेकिन भाषा पाकिस्तान की बोल रहे हैं। कुछ गैंग तो ऐसे भी हैं, जो पूछ रहे हैं कि बालाकोट हिंदुस्तान में है या पाकिस्तान में है। ऐसे लोग आतंकवादियों व पड़ोसी मुल्क की मदद कर रहे हैं। देश की सेना कह रही है, फिर भी सबूत मांगा जा रहा है। 

उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे लोगों को सपोर्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि हर भ्रष्ट को मोदी से कष्ट है। इस चौकीदार को गाली देने की प्रतियोगिता कर रहे हैं। उन्होंने देश के नागरिकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। देश के खिलाफ साजिश रचने वालों पर नजर रखने की बात कही। 

नोएडा मेट्रो, संस्कृति संकुल का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री ने नोएडा के सिटी सेंटर से इलेक्ट्रानिक सिटी तक की मेट्रो और पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान का शुभारंभ किया। पीएम ने खुर्जा के अरनिया और बक्सर में सुपर पावर थर्मल प्लांट की भी आधारशिला रखी। उन्होंने बिजली का रोडमैप भी प्रस्तुत किया। 

साथ ही, विश्व में मोबाइल उत्पादन में देश का दूसरा स्थान होने और लाखों युवाओं को रोजगार मिलने की बात कही। मोदी ने ‘एक विश्व एक सूरज एक ग्रिड’ की परिकल्पना भी जाहिर की। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के नवनिर्माण के दौरान आसपास 40 मंदिर मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को सिलिंडर, शौचालय, बैंक खाते जैसी जरूरी सुविधाएं हमारी सरकार ने दिए। जेवर में नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास की गति रफ्तार पकड़ने की बात कही।

पीएम की चुटकी पर जनसभा में लगे ठहाके
कहते हैं प्रधानमंत्री मोदी को लोगों से सीधे जुड़ने की कला खूब आती है। इसकी बानगी ग्रेटर नोएडा में जनसभा के दौरान भी देखने को मिली। कई बार ऐसा मौका आया जब पीएम की बातें सुनकर लोगों के ठहाके छूट गए। प्रधानमंत्री जैसे ही बोलने के लिए मंच पर खड़े हुए तो मोदी-मोदी के नारे लगने लगे। 

इसकी वजह से कुछ पल के लिए वह बिना कुछ बोले खड़े रहे। फिर विजयी भारत, पराक्रमी भारत और वीर जवानों के भारत माता की जय के नारे लगवाए। उन्होंने कहा कि आपका जोश देखते ही बन रहा है। आपका प्यार मेरे सर आंखों पर। इस दौरान जैसी ही उन्होंने यह कहा कि आप मोदी-मोदी कह रहे हैं, वहीं, कुछ लोगों की नींद भी गायब हो गई होगी। सभी के ठहाके छूट पड़े। 

मुंबई हमले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि सेना का खून गरम हो गया था, लेकिन सरकार ठंडी रही। इस पर लोगों की फिर से हंसी छूट गई। उन्होंने कहा कि पनकी बिजली परियोजना में लगी मशीनों का हाल वैसा ही है जैसा कि कांग्रेस का, 40-50 साल पुरानी मशीनें लगी हैं। 

इस पर भी सभी ने ठहाके लगाए। ‘हर भ्रष्ट को मोदी से कष्ट है’ के बयान पर भी खूब तालियां बजीं। आतंकवादियों पर एयर स्ट्राइक पर पीएम ने कहा कि वे सोच रहे थे सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कार्रवाई होगी। हम ऊपर से कार्रवाई कर आ गए, फिर लोग तालियां पीटने लगे। 
 
विज्ञापन

फिर दिखी बदइंतजामी, गेट पर हुई नोकझोंक 

पुलिसकर्मी बेरिकेड से कूदते दिखाई दिए
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कड़ी सुरक्षा के बीच बदइंतजामी दिखी। इससे लोगों, कार्यकर्ताओं और मीडिया कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ये थे कि प्राधिकरण के दो वरिष्ठ अधिकारियों और कुछ कार्यकर्ताओं को गेट पर रोक दिया गया जिससे नोकझोंक भी हुई। वहीं, कवरेज के लिए उचित बंदोबस्त न होने के कारण कई मीडियाकर्मी भड़क गए और उन्होंने प्रधानमंत्री के आने से पहले उनके मंच के सामने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया।

25 जनवरी को ग्रेटर नोएडा की एक्वा लाइन मेट्रो और अन्य परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास कार्यक्रम में भी जिला प्रशासन की बदइंतजामी देखने को मिली थी। उम्मीद जताई जा रही थी कि इस बार जिला प्रशासन व्यवस्थाओं में सुधार करेगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। कार्यक्रम स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार पर प्राधिकरण के दो वरिष्ठ अधिकारियों और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक लिया गया। उन्होंने अपना परिचय दिया, लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया। 

वहीं, जिला प्रशासन प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होने के बावजूद गिने चुने मीडिया कर्मियों को पास उपलब्ध कराए थे। इसे लेकर मीडियाकर्मियों में पहले से निराशा थी। जब मीडियाकर्मी पहुंचे तो उनकी सीट पर भाजपा कार्यकर्ता व नेता जमे हुए थे। इसके चलते सुरक्षाकर्मियों ने मीडियाकर्मियों को मीडिया गैलरी में जाने से रोक दिया। इस बात पर मीडियाकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ मंच के सामने ही प्रदर्शन किया। इसके बाद मीडियाकर्मियों ने खड़े होकर कवरेज की।

बेरिकेड कूदते दिखाई दिए पुलिसकर्मी 
प्रधानमंत्री के मंच के करीब वाले घेरे में सीटें भरी थीं, लेकिन खड़े होने के लिए काफी जगह थी। इससे पीछे के घेरे में अव्यवस्था झेल रहे लोगों ने बेरिकेड कूदकर वहां पहुंचने का प्रयास किया, इन्हें पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। खास बात यह रही है कि कुछ पुलिसकर्मी इन्हीं बेरिकेड से कूदते दिखाई दिए।

भीड़ के कारण बच्चे की हालत बिगड़ी
जनसभा स्थल पर प्रधानमंत्री के आने से पहले कई बार लोगों उनके आने की जानकारी मिली। इस पर लोग अपनी जगह से खड़े होकर मोदी-मोदी चिल्लाने लगे, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि मोदी अभी नहीं पहुंचे हैं। यहां मां के साथ आए एक दस साल के बालक की भीड़ में हालत खराब हो गई।

मुस्लिम भी सुनने पहुंचे पीएम का भाषण
जनसभा स्थल पर जुटी भीड़ में कुछ मुस्लिम भी दिखाई दिए। उनसे बात की गई तो उन्होंने बताया कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के नेताओं के साथ वह बस में बैठकर मोदी को देखने व उनका भाषण सुनने पहुंचे हैं। मोर्चे के जिला उपाध्यक्ष यूनुस ने बताया कि वह बांस बल्ली बाजार आदि इलाके के मुस्लिम समुदायों के लोगों का दो बस में लेकर पहुंचे हैं। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें