आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े प्लॉट और मकानों के आवंटियों को प्राधिकरण ने अंतिम चेतावनी देते हुए सार्वजनिक सूचना प्रकाशित करवा दी है। दो सप्ताह का वक्त दिया गया है। इसके बाद जिस प्लॉट में गंदगी दिखी, उसका आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा।
दरअसल, आवासीय सेक्टरों में अब भी 15 से 20 फीसदी प्लॉट खाली पड़े हैं। कंपलीशन के लिए एक-दो कमरे बनाकर छोड़ रखे हैं। उनमें कोई रहता नहीं है जिससे गंदगी का ढेर लगा रहता है। इनमें झाड़ियां उग आती हैं। सफाई भी नहीं होती। ऐसे प्लॉटों पर प्रॉपर्टी डीलरों के नंबर और पते लिखे रहते हैं।
प्राधिकरण को ऐसी शिकायतें कई और सेक्टरों से भी मिलती रहती है। खाली प्लॉटों की सफाई के लिए प्राधिकरण की तरफ से कई नोटिस जारी हुए हैं, लेकिन आवंटी इस पर गंभीरता नहीं दिखा रहे।
इस कारण प्राधिकरण ने आवंटन निरस्त करने की सूचना प्रकाशित कराई है। आवंटन निरस्त होते ही कब्जा वापस लिए जाने की भी चेतावनी दी गई है। प्राधिकरण के डीसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने बताया कि आवंटियों को यह आखिरी मौका है। इसके बाद और रियायत नहीं दी जाएगी।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्राधिकरण ने बायलॉज लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पब्लिक से आपत्ति व सुझाव मांगे हैं। इसके बाद आपत्तियों का निस्तारण कर उसे शासन के पास भेजा जाएगा। वहां से अप्रूवल मिलते ही इसे लागू किया जाएगा। इस बॉयलॉज के बाद गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का प्रावधान है।