फरीदाबाद। आर्थिक स्थिति कमजोर हो तो शूटिंग जैसे खेल में करियर बना पाना आसान नहीं हो पाता, लेकिन किसान के बेटे कर्मचंद ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर शूटिंग में नई ऊंचाइयों को छूना शुरू कर दिया है।
कर्मचंद 20 से 26 फरवरी तक केरल में होने वाली कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग चैंपियनशिप में निशाना साधेंगे। यहां से क्वालीफाई होने पर भारतीय टीम के लिए उनके लिए राह खुलेगी।
अंतरराष्ट्रीय कोच शांतनू ठाकुर ने बताया कि इस चैंपियनशिप में मास्टर ट्रायल के अलावा छह अन्य ट्रायल के दौरान अर्जित किए अंक की ओवर ऑल गणना के आधार पर नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन होता है।
इस ट्रायल में ओलंपिक व राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले चुके खिलाड़ी भी हिस्सा लेते हैं। पलवल के रहने वाले कर्मवीर सिंह अपने बेटे करमचंद को पढ़ा लिखाकर डॉक्टर बनाना चाहते थे, लेकिन कमजोर आर्थिक हालत ने साथ नहीं दिया।
पिता ने सोचा भी नहीं था कि शूटिंग में उनका बेटा अपने करियर की संभावनाएं तलाशेगा। करमचंद 10 मीटर एयर पिस्टल में हिस्सा लेंगे।
कोच ने बताया कि इस चैंपियनशिप में क्वालीफाई शूटरों का ट्रायल 20 मार्च को होगा, जिसके आधार पर नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन होगा।