सिरोही क्षेत्र की कृत्रिम झील में दोस्तों के साथ नहाने आए गुड़गांव कॉलेज के छात्र युकेश उर्फ भोलू की डूबने से मौत हो गई। दमकल विभाग के गोताखोरों ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने घटना की जानकारी छतरपुर दिल्ली में रहने वाले युकेश के पिता केशवदत्त को दी। पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। पुलिस के मुताबिक युकेश बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र था।
सोमवार को उसका दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने का कार्यक्रम तय हुआ था। किसी ने उसे सिरोही क्षेत्र की कृत्रिम झील का पता बताया था। युकेश अपने पांच दोस्तों के साथ सोमवार दोपहर यहां पहुंचा था।
सभी दोस्त झील में नहाने उतर गए। इस दौरान युकेश थोड़ा सा आगे बढ़ गया और पैर फिसलने की वजह से डूब गया। दोस्तों ने 100 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी।
थोड़ी देर में धौज चौकी इंचार्ज, दमकल के गोताखोर और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंच गई। धौज चौकी इंचार्ज सत्यनारायण ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा।