अक्तूबर से भविष्य निधि (पीएफ) खाताधारकों को क्लेम के लिए भविष्य निधि कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। श्रम और रोजगार मंत्रालय ऑनलाइन पीएफ क्लेम भरने की सुविधा करने जा रहा है।
क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय के मुताबिक, नौकरी बदलने पर पीएफ ट्रांसफर की सुविधा ऑनलाइन मिलनी शुरू हो चुकी है। भविष्य निधि संगठन की वेबसाइट पर पीएफ क्लेम का एक लिंक दिया जाएगा, जिस पर जाकर खाता धारक को यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) डालकर जानकारी भरनी होगी।
पीएफ से जुड़ी सभी सुविधाएं लेने के लिए यूएएन को आधार, अकाउंट नंबर और मोबाइल नंबर से लिंक कराना जरूरी है। अक्तूबर से व्यवस्था शुरू हो जाएगी, बस तिथि तय करना बाकी है।
इधर, प्रदेश में आधार कार्ड, पैन नंबर, बैंक अकाउंट की डिटेल देने वाले 50.70 फीसदी लोगों के साथ आगरा पहले नंबर पर है। वहीं, 26.98 फीसदी कर्मियों के साथ नोएडा पांचवें नंबर पर है।
सहयोग नहीं करने वाली कंपनियों की होगी जांच
यूएएन एक्टिवेट कराने के लिए कंपनियों के साथ सेक्टर-24 स्थित पीएफ क्षेत्रीय कार्यालय में रोज शाम चार बजे बैठक की जा रही है। क्षेत्रीय आयुक्त मनोज कुमार यादव ने बताया वे कंपनियां जो कई बार बुलाने के बाद भी नहीं आ रही हैं, उन्हें नोटिस और पीएफ संबंधी जांच की जाएगी।
पीएफ का उन्होंने कितना भुगतान नहीं किया है, उसके लिए विशेष टीम कंपनी में भेजकर रिकार्डों का निरीक्षण कराया जाएगा। करीब 25 फीसदी कंपनियां, ऐसी हैं, जो सहयोग नहीं कर रही हैं।