रिलीज से पहले ही विवाद में आई बॉलीवुड फिल्म 'मोहल्ला अस्सी' को लेकर दिल्ली में भी विवाद शुरु हो गया है।
पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर में रहने वाले एक शख्स ने इस फिल्म और इसमें दिखाए गए कुछ दृश्यों पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे प्रतिबंधित करने की याचिका दायर की है।
याचिका दायर करने वाले गुलशन कुमार का आरोप है कि फिल्म में न सिर्फ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है बल्कि, यह धार्मिक भावनाओं को भी आहत करने वाला है।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के सीनियर सिविल जज की अदालत में याचिका दायर करते हुए गुलशन कुमार ने मांग की है कि फिल्म के रिलीज और इसके ट्रेलर के प्रसारण पर तब तक रोक लगाई जाए जब तक कि इसमें से आपत्तिजनक दृश्यों को निकाल नहीं दिया जाता।
गुलशन कुमार द्वारा दायर याचिका पर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है। कुमार का आरोप है कि उन्होंने अपने मोबाइल पर इस फिल्म का ट्रेलर देखा। यह ट्रेलर हिंदू धर्म की आस्था और मान्यताओं के खिलाफ है।