आरटीओ में परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस जारी होने बंद हो गए हैं। अब बुधवार से ही परमानेंट लाइसेंस जारी किया जा सकेगा। डीएल बनाने वाली कंपनी का रिचार्ज खत्म हो जाने से यह समस्या पैदा हुई है।
परमानेंट डीएल जारी करने का अनुबंध एक निजी कंपनी के साथ है। वेस्ट यूपी के ज्यादातर जनपदों में एक ही निजी कंपनी डीएल बना रही है। डीएल बनने के बाद डाटा को आनलाइन किया जाता है।
आनलाइन होने और लखनऊ सर्वर को प्राप्त होने पर ही इसका प्रिंट जारी हो पाता है। चालक के डाटा को आनलाइन करने के लिए कंपनी द्वारा डीएल की संख्या के आधार पर रिचार्ज दिया जाता है।
गाजियाबाद केलिए कंपनी को लखनऊ से दो लाख डीएल का रिचार्ज प्राप्त हुआ था। यह बृहस्पतिवार सुबह खत्म हो गया।
इसके बाद से परमानेंट डीएल का डाटा आनलाइन होने और प्रिंट होने पर रोक लग गई। एआरटीओ केपी गुप्ता ने बताया कि विभाग के एक व्यक्ति को सिस्टम रिचार्ज कराने के लिए लखनऊ भेजा गया है। वह सोमवार शाम तक आएंगे।
मंगलवार को चौधरी चरण सिंह जयंती का अवकाश है। ऐसे में स्थाई डीएल बुधवार से ही जारी हो सकेंगे। डीएल जारी होने के अलावा इनको बनवाने और बायोमेट्रिक का काम सुचारु रूप से किया जा रहा है।..