ब्लू लाइन के विस्तार के खुलते ही नोएडा-गाजियाबाद की आधी आबादी को काफी फायदा होगा। लाखों लोगों एक कॉरिडोर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी से द्वारका सेक्टर-21 पर 11 स्थानों पर मेट्रो बदलने (इंटरचेंज) का फायदा मिल पाएगा।
ब्लू लाइन के विस्तार के तहत नोएडा सिटी सेंटर से इलेक्ट्रॉनिक सिटी कॉरिडोर का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्रेटर नोएडा में 9 मार्च को करेंगे। वहीं पहले से घोषित 9 मार्च से व्यावसायिक परिचालन की तिथि एक दिन आगे बढ़ सकती है। कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी एसके पाठक ने इस लाइन को खोलने के लिए हरी झंडी दे दी है।
सोमवार उन्होंने इसका निरीक्षण किया था। इसके खुलने से नोएडा के सेक्टर-34, 52 और 22 के कई आवासीय इलाकों के साथ-साथ सेक्टर-59, 61, 62 और इलेक्ट्रॉनिक सिटी के वाणिज्यिक क्षेत्रों में रोजाना काम करने के लिए आने वाले लाखों लोगों को राहत मिलेगी। एनसीआर से रोजाना बहुत से लोग यहां आते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन नोएडा-गाजियाबाद बॉर्डर पर है इसलिए गाजियाबाद जिले के लाखों लोगों को इस बढ़ी हुई कनेक्टिविटी से लाभ होगा। इंदिरापुरम की सैकड़ों सोसाइटियां व गाजियाबाद के आवासीय सेक्टरों के लोग भी इस स्टेशन पर आकर दिल्ली के मेट्रो नेटवर्क से सीधे जुड़ सकते हैं।
नोएडा के महत्वपूर्ण अस्पताल भी जुड़ेंगे
इस कॉरिडोर पर दो बड़े अस्पताल फोर्टिस और लाइफ केयर अस्पताल भी सीधे मेट्रो कनेक्टिविटी से जुड़ेंगे। दिल्ली में एम्स, सफदरजंग, गंगाराम और फोर्टिस जैसे कई अस्पताल मेट्रो से पहले से ही जुड़े हुए हैं। इस वजह से यहां आने वाले मरीज इन अस्पतालों से सीधे जुड़ पाएंगे।