ओला-उबर के कैब चालक मंगलवार को हड़ताल पर रहे। ऐसे में शहर में करीब 200 कैब सड़कों पर नहीं उतरीं। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल और गर्मी के कारण लोग बेहाल रहे। लोगों से निजी टैक्सी और ऑटो चालकों ने मनमाना किराया वसूला। इससे पहले कैब चालक फरवरी में 13 दिनों तक हड़ताल पर रहे थे।
सर्वोदय ड्राइवर्स एसोसिएशन ऑफ दिल्ली के आह्वान पर मंगलवार को हड़ताल हुई थी। डीटीसी और रोडवेज बसों में खूब भीड़ हुई। वहीं, ऑटो और निजी टैक्सी चालकों ने लोगों से बढ़ा-चढ़ाकर किराया वसूला। गर्मी के कारण लोगों को अधिक दिक्कत रही।
दरअसल, कैब चालक किराये को 6 रुपये प्रति किमी से बढ़ाकर 20 रुपये प्रति किमी करने की मांग कर रहे हैं। कंपनियां उनसे 25 फीसदी कमीशन लेती हैं। उन्होंने इसे भी गलत बताया है।
ओला-उबर नोएडा यूनियन के अनुसार फरवरी में मांग पूरी करने का आश्वासन कंपनियों ने दिया गया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। यही वजह है कि एक दिन की हड़ताल की गई। मांगे नहीं मानी तो आगे भी हड़ताल होगी।