डिवाइडर पर रेहड़ियों का कब्जा, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा पर सवाल, मार्केट संवाद में उठीं समस्याएं
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। त्रिलोकपुरी स्थित सुभाष मार्केट में बुनियादी सुविधाओं की कमी से दुकानदारों के साथ खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। गंदे शौचालय, सड़क व डिवाइडर पर अतिक्रमण और बंद सीसीटीवी कैमरों की समस्या को मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और दुकानदारों ने अमर उजाला के मार्केट संवाद कार्यक्रम में उठाया। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट परिसर में बने दो शौचालय गंदगी और दुर्गंध के कारण इस्तेमाल करने लायक नहीं हैं। इससे बाजार आने वाले लोगों को परेशानी होती है। उनका कहना है कि रेहड़ी-पटरी वालों ने सड़क के साथ-साथ डिवाइडर पर भी कब्जा कर रखा है। इससे रास्ता संकरा हो जाता है और लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। उनका आरोप है कि शिकायत करने पर कई बार कार्रवाई दुकानदारों पर ही होती है, जिससे अतिक्रमण की समस्या बनी रहती है। दुकानदारों ने बताया कि मार्केट में निगरानी के लिए लगाए गए सरकारी सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं, चोरी या किसी अन्य घटना की स्थिति में कैमरों से मदद नहीं मिल पाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों से शौचालयों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और सीसीटीवी कैमरों को चालू कराने की मांग की, ताकि बाजार आने वाले लोगों को राहत मिल सके।
वर्जन
मार्केट में बने शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से उनका इस्तेमाल करना मुश्किल हो रहा है। इससे खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जोगेश शर्मा सुभाष मार्केट
विज्ञापन
रेहड़ी-पटरी वालों ने सड़क और डिवाइडर पर कब्जा कर रखा है। हमें सड़क किनारे खड़े रेहड़ी-पटरी वालों से कोई परेशानी नहीं थी लेकिन डिवाइडर पर कब्जे के कारण रास्ता संकरा हो जाता है और शाम के समय ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलने वालों को निकलने तक में दिक्कत होती है। मोनलाल अग्रवाल सुभाष मार्केट
मार्केट में लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं। ऐसे में चोरी या किसी अन्य घटना के बाद जांच में परेशानी हो सकती है। सुरक्षा के लिहाज से सभी कैमरों को जल्द चालू कराया जाना चाहिए। संजय बर्मन सुभाष मार्केट
मार्केट में अव्यवस्था और रास्तों पर अतिक्रमण से ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है। इससे बाजार का माहौल प्रभावित होता है। व्यापार को बेहतर बनाने के लिए साफ-सफाई और अतिक्रमण पर ध्यान देना जरूरी है।राकेश भाटिया सुभाष मार्केट