मुखर्जी नगर में ग्रामीण सेवा चालक और उसके पुत्र की पिटाई के मामले में पैदा हुआ तनाव अभी भी इलाके में बरकरार है। लोग अब भी 16 जून को हुई इस घटना को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार लोग अब भी विरोध प्रदर्शन के लिए डटे हुए हैं। घटना स्थल पर सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया गया है।
आपको बता दें कि मुखर्जी नगर इलाके में ग्रामीण सेवा चालक सरबजीत सिंह की पिटाई के विरोध में सोमवार रात बवाल के बाद मंगलवार को पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति रही। हालांकि शाम को कुछ लोगों ने थाने के बाहर नारेबाजी की, लेकिन पुलिस के समझाने पर चले गए।
इस घटना को लेकर सिख समुदाय में अभी भी रोष व्यप्त है। उनकी मांग है कि दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने के अलावा सरबजीत के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लिया जाए। उधर, केस से जुड़ी फाइलें भी मंगलवार को अपराध शाखा को सौंप दी।
वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया
पुलिस सूत्रों की मानें तो सोशल मीडिया के अलावा पुलिसकर्मियों व स्थानीय लोगों के मोबाइल से बनाई गई पूरे घटनाक्रम की 30 से अधिक वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को अपराध शाखा की टीम ने कब्जे में लिया। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़कर सबूत इकट्ठा कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी कोई गिरफ्तारी नही की गई है। दोनों पक्षों की एमएलसी रिपोर्ट अभी मिली नहीं है। पुलिस अधिकारी घटनाक्रम से जुड़े पुलिसकर्मियों की लिस्ट भी बना रही है। बाद में उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।