अडानी समूह पर लगे 200 करोड़ रुपये की जुर्माना राशि को माफ करने के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने मोदी सरकार से पूछा है कि आखिर किस नियम के तहत उन्हें यह राहत दी गई।
आप का कहना है कि केंद्र सरकार के पास जनता को राहत देने के लिए पैसे नहीं है लेकिन अडानी समूह पर मेहरबानी की जा रही है। इस मुद्दे पर आप नेता आशी खेतान ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में किसान बदहाल स्थिति में है और आत्महत्या कर रहा है, लेकिन मोदी के पास किसानों को देने के लिए पैसे नहीं हैं।
दाल की कीमतें 200 रुपये के पार पहुंच गई है, सरकार उससे राहत नहीं दिला पा रही है। आम जनता को गैस सिलेंडर पर सब्सिडी देने के लिए मोदी के पास पैसे नहीं हैं, लेकिन गौतम अडानी के 200 करोड़ रुपये माफ करने के लिए सरकारी खजाने को तुरंत तैयार कर लिया।
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एक उच्च स्तरीय समिति की सिफारिश पर ही अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड सेज पर 200 करोड़ का जुर्माना लगाया गया था।