दिल्ली के मुख्यमंत्री की गद्दी संभालते ही अरविंद केजरीवाल के पास भी 'नायक' फिल्म की तर्ज पर पत्र और ईमेल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
अब तक अपनी समस्याओं को दबाकर बैठे लोगों ने पद संभालने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में और अगले दिन रविवार को ईमेल करके शिकायती पत्र पहुंचाए। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री मनीष सिसौदिया को भी पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की।
अपनी मांगों को लेकर एक महीने से जंतर-मंतर पर बैठे पेंशन परिषद के कार्यकर्ताओं ने पिछली सरकार को भी कई ज्ञापन दिए थे। लेकिन कोई हल नहीं निकला, लिहाजा नई सरकार से उम्मीद पालकर बैठे बुजुर्गों ने बिना देर किए मुख्यमंत्री को पत्र भेज दिया।
भारतीय जनता पार्टी के ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ के संयोजक आनंद त्रिवेदी ने सीएनजी के दामों में हुई साढ़े चार रुपयों की बढ़ौत्तरी को वापस लेने और जनता को राहत देने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को चिट्ठी भेज दी।
सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में शिक्षा में बरती जा रही अनियमितताओं की जांच की मांग करते हुए रंजीत रॉय ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ शिक्षा मंत्री मनीष सिसौदिया को भी पत्र लिखा है। उन्होंने सीबीएसई, मानव संसाधन विकास मंत्रालय को लिखी गई चिट्ठियों की प्रति भी भेजी हैं।