आप के कोर कमेटी के सदस्य कुमार विश्वास ने अमेठी जाने के सवाल पर मजाकिया लहजे में मीडिया से रुबरू होते हुए बोला कि ‘अमेठी तक का रिजर्वेशन दिला दो’। बहरहाल, ये बात मजाक की थी, लेकिन कुमार विश्वास 27 दिसंबर को अमेठी में ‘आप’ की सभा में शामिल होने जा रहे हैं।
इससे पहले मनीष सिसोदिया ने भी दिल्ली विधानसभा में जीत की खुशी के बाद कहा था कि अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव में कुमार विश्वास आप के उम्मीदवार होंगे।
मंत्रियों के पोर्टफोलियो पर विचार नहीं: संजय सिंह
‘आप’ कोर कमेटी सदस्य संजय सिंह ने बताया कि अभी तक मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायकों के पोर्टफोलियो पर कोई विचार नहीं हुआ है। इस संबंध में अभी निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू का दी गई है। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए योग्यता फार्म दिया जाएगा, जिस तरह दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए दिया गया था। उसी फार्म के आधार पर प्रत्याशियों का चुनाव होगा।
गिरनार अपार्टमेंट में अरविंद केजरीवाल के निवास पर सुबह से गहमागहमी का माहौल रहा। कोर कमेटी सदस्य कुमार विश्वास, संजय सिंह, विधायक मनीष सिसौदिया और विनोद कुमार बिन्नी के पहुंचने के बाद किसी बड़े फैसले के कयास लगाए जाने लगे।
दोपहर बाद जब सभी अपार्टमेंट से बाहर आए तो कुमार विश्वास ने बताया कि यह महज एक पारिवारिक गेट टुगेदर था, जिसमें सभी के परिवार के सदस्य शामिल रहे और साथ मिलकर लंच किया। कुछ देर बाद ही मनीष सिसौदिया भी बाहर आए और दिल्ली में होने वाली प्रेसवार्ता के लिए रवाना हो गए।