हर माह मुख्यमंत्री के हाथों हजारों फ्लैट खरीदारों को चाबी दिलवाने की तैयारी होती है, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो सका है। इससे खरीदारों में रोष है। शनिवार को ट्वीट के माध्यम से नेफोवा ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की है और कहा है कि मुख्यमंत्री दिसंबर से ‘हवामहल’ की चाबी दे रहे हैं।
नेफोवा की महासचिव श्वेता भारती ने बताया कि पिछले साल सितंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 50 हजार फ्लैट देने की घोषणा की थी। दिसंबर में खरीदारों को उनके फ्लैट की चाबी मिलने का आश्वासन मिला था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उसके बाद हर माह ऐसे आश्वासन मिल रहे हैं।
मार्च में 30, मई में 45 हजार फ्लैटों की चाबी देने का वादा किया गया था। अब जुलाई माह में 50 हजार फ्लैटों की चाबी देने की बात कही जा रही है, लेकिन आधा माह गुजर चुका है और कोई कार्यक्रम भी तय नहीं हुआ है। इस संबंध में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ट्वीट किया गया है।
उनके वादों को ‘हवामहल’ की चाबी करार दिया है। उन्होंने बताया कि यह केवल लोकसभा चुनाव के लिए किया जा रहा है। वोट बैंक का खेल सरकार खेल रही है। लोकसभा चुनाव तक यह जारी रहेगा। वहीं, अन्य खरीदार राजीव का कहना है कि मोदी और योगी केवल जुमलेबाजी कर सकते हैं। वोट पाने के लिए फर्जी वादे किए जा रहे हैं।