दुर्घटना स्थलों का किया गया विश्लेषण
विशेष पुलिस आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि दिल्ली यातायात पुलिस ने दिल्ली में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान करने के लिए 2022 के लिए दुर्घटना स्थलों का विश्लेषण किया है। 2022 में 500 मीटर के व्यास के भीतर तीन या अधिक घातक दुर्घटनाओं या उसी क्षेत्र में 10 या अधिक कुल सड़क दुर्घटनाओं के मानदंडों के अनुसार 117 दुर्घटना क्षेत्रों की पहचान की गई है, जैसे कि रिंग रोड (25), जीटी करनाल रोड (17) और आउटर रिंग रोड (15) में सबसे अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं।
इसके अलावा पैदल चलने वालों को ब्रिटानिया चौक, जीबी पंत अस्पताल, पीरागढ़ी और मादीपुर मेट्रो स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों में जोखिम का सामना करना पड़ता है। वर्ष 2021 में दुर्घटना क्षेत्रों के व्यापक विश्लेषण में विशिष्ट स्थानों ने दुर्घटनाओं की उल्लेखनीय घटनाओं का प्रदर्शन किया, जिसमें शास्त्री पार्क में 15 दुर्घटनाएं, अशोक नगर में हरनाम पैलेस में 12 दुर्घटनाएं और पीरा गढ़ी चौक में 9 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं।
यातायात पुलिस के एक अध्ययन से पता लगा है कि वर्ष 2021 में सड़क दुर्घटनाओं में 1536 पैदल यात्री घायल हुए थे। इसमें 1269 पुरुष और 267 महिलाएं थीं। इन दुर्घटनाओं में कुल 504 पैदल यात्रियों की मौत हुई। इनमें 446 पुरुष व 58 महिलाएं थीं। वर्ष 2022 में पैदल यात्री सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई।
वर्ष 2022 में 1413 पुरुष और 364 महिलाएं यानी 1777 पैदल यात्री घायल हुए। घातक दुर्घटनाओं की संख्या बढ़कर 629 (553 पुरुष व 76 महिलाएं) हो गई। वर्ष 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में कुल 1698 (1138 पुरुष, 360 महिला) पैदल यात्री घायल हुए। उसी वर्ष में 526 (449 पुरुष व 77 महिलाएं) पैदल यात्रियों की मौत हुई है। पैदल यात्री घातक सड़क दुर्घटनाओं में सबसे कमजोर पीड़ितों के रूप में होते हैं।