कानपुर में जूनियर डाक्टर और सपा नेताओं के बीच हुई झड़प और पुलिसिया कार्रवाई के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की हड़ताल के दूसरे दिन जिले भर में इसका असर देखने को मिला।
सोमवार को प्राइवेट अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक सहित कई पैथोलॉजी भी बंद होने के कारण मरीज हलकान रहे। पटेलनगर में एक नर्सिंग होम के सामने मरीज की मौत भी हो गई। सरकारी अस्पतालों में आम दिनों से काफी अधिक भीड़ रही।
सभी क्लीनिक पर ओपीडी बंद के बैनर पोस्टर लगे रहे। यशोदा सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल में लगने वाला हृदय रोग शिविर निरस्त कर दिया गया। डाक्टरों ने नवयुग मार्केट से कैंडल मार्च निकाला।
आईएमए महासचिव डा. नरेंद्र सैनी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आईएमए कानपुर की अध्यक्षा डा. आरती लाल चंदानी से जूनियर डॉक्टरों के साथ की गई मारपीट की जानकारी ली।
अस्पताल के सामने मरीज की मौत
पटेल नगर में सुबह एक निजी अस्पताल के सामने स्ट्रेचर पर एक मरीज की मौत हो गई। संभावना जताई जा रही है कि इलाज न मिलने की वजह से मरीज की मौत हो गई।
जिस निजी अस्पताल के सामने स्ट्रेचर पर मरीज की लाश मिली उनका कहना है कि किसी अन्य अस्पताल का मरीज था उनके अस्पताल के गेट पर रख गाड़ी लाने गए थे।