फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: एमसीडी के 143 आयुष केंद्रों पर जल्द मिलेंगी पेटेंट आयुर्वेदिक दवाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
सीजीएचएस की रेट कॉन्ट्रैक्ट सूची अपनाने को सैद्धांतिक मंजूरी, दवाओं की खरीद पर खर्च होंगे पांच करोड़ रुपये
विज्ञापन

मधुमेह, मोटापा, गठिया और फैटी लिवर समेत कई बीमारियों के मरीजों को मिलेगी सुविधा
विनोद डबास
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुर्वेदिक अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में इलाज कराने वाले मरीजों को जल्द ही पेटेंट और प्रोप्राइटरी आयुर्वेदिक दवाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। निगम ने अपने आयुष विभाग के तहत संचालित 143 स्वास्थ्य केंद्रों के लिए केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) की रेट कॉन्ट्रैक्ट सूची अपनाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इससे इन दवाओं की खरीद सीजीएचएस की निर्धारित दरों पर की जा सकेगी।
इस फैसले से आयुर्वेदिक अस्पतालों, पंचकर्म केंद्रों, डिस्पेंसरियों और डायबिटिक केंद्रों में उपचार कराने वाले मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। फिलहाल इन केंद्रों पर पेटेंट आयुर्वेदिक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं है। इसके कारण आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रबंधन में मरीजों को इन दवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
विज्ञापन

एमसीडी के आयुष विभाग के अंतर्गत कुल 143 स्वास्थ्य इकाइयां संचालित हैं। इनमें 16 आयुर्वेदिक अस्पताल और पंचकर्म केंद्र तथा 127 डिस्पेंसरियां और डायबिटिक केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों में आम लोगों के साथ निगम के कर्मचारियों और पेंशनर्स को भी निवारक, स्वास्थ्य संवर्धन और उपचार संबंधी सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
कई बीमारियों के इलाज में होंगी उपयोगी
विभाग के अनुसार, बदलती जीवनशैली के कारण उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, गठिया, फैटी लिवर, अनिद्रा और तनाव जैसी गैर-संचारी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। इनके प्रबंधन में आयुर्वेदिक पेटेंट दवाओं के आधुनिक डोज फॉर्म उपयोगी हो सकते हैं। विभाग ने कोविड-19 जैसी संक्रामक बीमारियों के दौरान भी इन दवाओं के इस्तेमाल का उल्लेख किया है।
खरीद प्रक्रिया होगी आसान
सीजीएचएस की दरें अपनाने से निगम को दवाओं के लिए अलग से दरें तय कराने और नई रेट लिस्ट तैयार करने की लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया से राहत मिलेगी। इस व्यवस्था के समर्थन में दिल्ली हाईकोर्ट के 16 अप्रैल 2024 के फैसले का भी हवाला दिया गया है।
विज्ञापन

पांच करोड़ रुपये का बजट आवंटित
वित्त वर्ष 2026-27 में इस व्यवस्था पर करीब 3.5 से पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए प्लान/जीआईए मद में पांच करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसके अतिरिक्त नॉन-प्लान मद में भी बजट उपलब्ध होने की बात कही गई है। अब सीजीएचएस की निर्धारित दरों के आधार पर दवाओं की खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें