पार्किंग फ्री शहर का सपना देख रहे लोगों को अभी राहत नहीं मिलेगी। 31 मार्च को 48 पार्किंग के ठेके की अवधि खत्म हो गई हो, लेकिन यहां वसूली खत्म नहीं होगी।
नए ठेके छोड़े जाने तक नगर निगम पुराने ठेकेदारों को ही पार्किंग शुल्क लेने के लिए अधिकृत करेगा। इसकी एवज में ठेकेदारों से अतिरिक्त दिनों के लिए ठेके की रकम ली जाएगी।
दरअसल, नगर निगम ने कई पार्किंग ठेकों की अवधि 31 मार्च तक तय की थी। 27 मार्च को निगम के पार्किंग डिपार्टमेंट ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की। मगर अभी तक ठेके नहीं छोड़े गए हैं।
रिजर्व प्राइज ज्यादा होने से बढ़ेगी दिक्कत
निगम ने इस बार शाहदरा बार्डर समेत कई स्थानों पर पार्किंग के लिए रिजर्व प्राइज पहले से कई गुना बढ़ा दिया है। ऐसे में इन पार्किंग के लिए ठेकेदार मिलना मुश्किल हो सकता है। बीते साल भी निगम को 10-12 स्थानों के लिए ठेकेदार नहीं मिल सके थे।
पार्किंग फ्री की अफवाह पर लगाया विराम
मंगलवार को निगम में अफवाह शुरू हो गई कि नए ठेके न छोड़े जाने से शहर में पार्किंग मुफ्त हो जाएगी। बुधवार को निगम अधिकारियों ने अफवाहों पर विराम लगा दिया। उनका कहना है कि बीते वर्ष की तरह शहर में पार्किंग मुफ्त नहीं होंगी।