दिल्ली के खजूरी खास इलाके में बुधवार सुबह खेल-खेल में एक मासूम की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्म मो. फरहान (6) के रूप में हुई है। दरअसल, जल बोर्ड की मोटी पाइपलाइन से हुए रिसाव बाद उसके नीचे पानी इकट्ठा हो गया था। पाइप पर खेल रहा फरहान गहरे पाने में गिर गया और उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पानी से शव निकालकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
मासूम सपरिवार गली नंबर-17 श्रीराम कॉलोनी, खजूरी खास में रहता था। परिवार में पिता हसीन अहमद, मां नसरीन, एक भाई व तीन बहनें हैं। घर के पास ही राजीव नगर से सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की मोटी पाइपलाइन गुजर रही है। इसमें अक्सर बच्चे खेलते रहते हैं। बुधवार को फरहान भी दौड़ लगाकर पाइप पर खेल रहा था। इस बीच उसका पैर लीकेज से जमा हुए गहरे पानी में फिसल गया। स्थानीय लोग उसे बचाने भागे। जब तक लोग उसे निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
...और एक ‘डूबा’ बच्चा आ गया सामने
फरहान के पानी में डूबने के बाद पता चला कि उसके साथ खेल रहा एक अन्य बच्चा समीर भी डूब गया है। पुलिस व स्थानीय लोग बच्चे की तलाश में जुट गए। समीर के परिजनों ने रोना पीटना शुरू कर दिया। दोपहर के समय अचानक समीर भीड़ में खुद ही पहुंच गया। उसने बताया कि वह कॉलोनी के दूसरी ओर बच्चों के साथ खेल रहा था। समीर को जिंदा देखकर परिजनों व पुलिस ने चैन की सांस ली।