सेक्टर-62 डी पार्क : 11 करोड़ की परियोजना छह महीने में पूरी करने का था लक्ष्य, अब तक 85 फीसदी काम ही पूरा
मई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-62 स्थित डी-पार्क में चल रहा सौंदर्यीकरण का काम तय समय से लगातार पिछड़ रहा है। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को नोएडा प्राधिकरण ने जून 2025 में शुरू कराया था। इसे छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी काम अधूरा है।
प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने इसे लेकर नाराजगी जताते हुए काम करा रही एजेंसी पर दो लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना को जल्द पूरा कराया जाएगा। करीब 17 एकड़ में फैला डी-पार्क लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा है।
कभी शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल था
वर्ष 2008 और फिर 2014 में विकसित होने के बाद यह शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल था। हालांकि, कई वर्षों तक रखरखाव नहीं होने से पार्क की स्थिति खराब होती गई। यहां बना बटरफ्लाई डोम उजड़ गया, जबकि झील भी क्षतिग्रस्त होने के बाद सूख गई। आसपास की कई सोसायटियों के निवासी लंबे समय से पार्क के पुनर्विकास की मांग कर रहे थे।
भव्य द्वार बनाया जा रहा
सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत पार्क के प्रवेश पर भव्य द्वार बनाया जा रहा है। इसके अलावा कियोस्क और फूड कोर्ट विकसित किए जाएंगे। बटरफ्लाई डोम और झील को भी नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। उद्यान विभाग के अनुसार, परियोजना का करीब 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।