गाजियाबाद के क्रासिंग रिपब्लिक स्थित पंचशील वेलिंगटन सोसायटी में संदिग्ध हालात में 15वीं मंजिल से गिरकर घरेलू सहायक दीवान सिंह बिष्ट (25) निवासी अलमोड़ा की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
फ्लैट मालिक का कहना है कि दीवान ने आत्महत्या की, जबकि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हालांकि, देरशाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया। एसएचओ विजयनगर महावीर चौहान ने बताया कि पंचशील वेलिंगटन सोसायटी के टावर-4 में 15वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 1501 में मीडियाकर्मी शशि भूषण मिश्रा रहते हैं।
जिला अल्मोड़ा उत्तराखंड के गांव सैनार निवासी दीवान सिंह उनके यहां घरेलू सहायक की नौकरी करता था। मंगलवार देर रात दीवान सिंह 15वीं मंजिल से नीचे गिर गया। सुबह होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर जांच के बाद मृतक के परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
एसएचओ के मुताबिक किसी बात पर दीवान ने बालकनी से छलांग लगा दी। वहीं, मृतक के परिजनों ने हंगामा करते हुए जीवान सिंह की 15वीं मंजिल से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। एसएचओ का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। परिजन शव लेकर अल्मोड़ा चले गए हैं।