राजघाट के गांधी दर्शन से 17वीं चैम्पियंस रन को विजय गोयल ने दिखाई हरी झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को राजघाट स्थित गांधी दर्शन में आयोजित 17वीं चैम्पियंस रन में 1500 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। फिटनेस, खेल और भारत की समृद्ध विरासत को जोड़ते हुए आयोजित इस दौड़ में 10 किलोमीटर, पांच किलोमीटर और एक किलोमीटर की फिटनेस एवं फैमिली रन कराई गई।
यह आयोजन गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति और हेल्थ फिटनेस ट्रस्ट ने संयुक्त रूप से किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल ने गांधी दर्शन से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर विजय गोयल ने कहा कि स्वस्थ भारत ही सशक्त और आत्मविश्वासी भारत की नींव है। चैम्पियंस रन जैसे आयोजन फिटनेस को केवल व्यक्तिगत गतिविधि तक सीमित नहीं रखते, बल्कि इसे सामूहिक अभियान का रूप देते हैं।
एशियाई मैराथन चैंपियन डॉ. सुनीता गोदारा ने कहा कि चैम्पियंस रन के 17वें संस्करण में 1500 से अधिक लोगों की भागीदारी लोगों के सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझने के बारे में दर्शाती है। इस दौरान समिति के निदेशक डॉ. संजीत कुमार आदि मौजूद रहे।