दिल्ली के रंजीत नगर थाना क्षेत्र स्थित कठपुतली कॉलोनी में सोमवार रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। इसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और पांच पुलिसकर्मी समेत 15 लोग घायल हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने हंगामा कर रहे दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन पर दंगा फैलाने, मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात 11:00 बजे कठपुतली कॉलोनी में पथराव की सूचना मिली। रंजीत नगर के अतिरिक्त थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, सब इंस्पेक्टर प्रदीप, सूरज, सिपाही शंकर और प्रदीप मौके पर पहुंचे।