साल 2018 में करीब एक लाख 90 हजार से ज्यादा ऑपरेशन कर विश्व के शीर्ष चिकित्सीय संस्थानों को पछाड़ चुका राजधानी का एम्स जल्द ही नया इतिहास रच सकता है। मरीजों की वेटिंग कम करने के लिए एम्स प्रबंधन ऑपरेशन का समय बढ़ाने का विचार कर रहा है, अगर ऐसा होता है तो ऑपरेशन के लिए हर दिन तीन घंटे और मिलेंगे।
वहीं ज्यादा ऑपरेशन होने से वेटिंग भी खत्म होगी। विश्व स्तर पर दो लाख सर्जरी का रिकॉर्ड भी एम्स बना सकेगा। सूत्रों का कहना है कि अभी तक सुबह साढ़े 8 से शाम 5 बजे तक ऑपरेशन किए जाते हैं।
कई बार केस गंभीर होने के कारण दिनभर ऑपरेशन में निकल जाता है। इसलिए अब एम्स प्रबंधन सुबह साढ़े 8 से दोपहर एक और दोपहर 2 से रात 8 बजे तक ऑपरेशन का समय निर्धारित कर सकता है। दावा किया जा रहा है कि इससे एम्स की वेटिंग में काफी कमी आएगी।