ओपन हार्ट सर्जरी करके एक 60 वर्षीय बुजुर्ग के हृदय में टेनिस के आकार का ट्यूमर निकाला गया। मरीज अब पूरी तरह से स्वस्थ है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। मरीज को हृदयाघात के बाद गंभीर स्थिति में अस्पताल के आपातकालीन विभाग में इलाज के लिए लाया गया था।
कुतुब इंस्टीट्यूशनल क्षेत्र स्थित रॉकलैंड अस्पताल में दो सप्ताह पूर्व दिल्ली के 60 वर्षीय एक बुजुर्ग मरीज को आपात स्थिति में लाया गया था। चिकित्सकों को ईको करने के बाद पता लगा कि मरीज के हृदय में टेनिस बॉल के आकार का ट्यूमर है।
ट्यूमर की वजह से हृदय के एक तरफ का चैंबर पूरी तरह से भर गया था, जिसके चलते मरीज का दम घुटने लगता था। अस्पताल के डॉ. संजोग रवतानी ने बताया कि यदि ओपन हार्ट सर्जरी नहीं की जाती तो मरीज ट्यूमर के टिश्यू के टूटने एवं मस्तिष्क व अन्य अंगों में इसके फंसने की संभावना थी। लिहाजा मरीज के हार्ट को लंग मशीन से जोड़ा और फिर हृदय की सर्जरी की गई।