देशभर में बृहस्पतिवार शाम छह बजे से 14 घंटे के लिए परिवहन विभाग की ऑनलाइन सुविधा नहीं मिल पाएगी। नेशनल इंफॉरमेशन सेंटर (एनआईसी) का दिल्ली स्थित सर्वर बंद रहने से यह दिक्कत होगी। परिवहन विभाग में ड्राइविंग लाइसेंस का आवेदन, करों का भुगतान व वाहनों का पंजीकरण आदि कार्य ऑनलाइन होता है। सर्वर बंद रहने से इन कार्यों के लिए अड़चन आएगी।
दरअसल, अपर परिवहन आयुक्त डॉ. राजेंद्र प्रसाद की तरफ से सभी क्षेत्रीय कार्यालय को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है कि तकनीकी कारणों से एनआईसी का दिल्ली स्थित मुख्य सर्वर बृहस्पतिवार शाम छह बजे से कम से कम 14 घंटे के लिए बंद रहेगा। इस कारण परिवहन से जुड़े ऑनलाइन काम नहीं होंगे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे फिर से ऑनलाइन सुविधा मिलेगी।
राहत की बात यह है कि महावीर जयंती और गुड फ्राइडे के चलते बृहस्पतिवार व शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश है। परिवहन विभाग के दफ्तर नहीं खुलेंगे। दफ्तर शनिवार से खुलेंगे। उससे पहले ऑनलाइन सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इससे आम जनता को ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। डीएल के लिए आवेदन कर टाइम स्लॉट कराने और करों का भुगतान ऑनलाइन कराने वालों को दिक्कत हो सकती है।