बिजली के प्रीपेड मीटरों को रीचार्ज कराने के लिए 1 अप्रैल से बिजली के डिवीजन कार्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा। उपभोक्ता ऑनलाइन रीचार्ज करा सकेंगे। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम (पीवीवीएनएल) के अधिकारियों के मुताबिक इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
शहर में प्रीपेड मीटर की सुविधा 10 जनवरी से शुरू की गई है। सेक्टर 20 स्थित बिजली निगम के कार्यालय में प्रीपेड मीटर की बिक्री की जा रही है। टोकन (रीचार्ज) किसी भी डिवीजन कार्यालय से कराया जा सकता है।
अधीक्षण अभियंता मुकुल सिंघल ने बताया कि शहरी क्षेत्र स्थित गांवों में नए कनेक्शन पर प्रीपेड मीटर दिए जा रहे हैं। 1 अप्रैल से उपभोक्ता ऑनलाइन रीचार्ज करा सकेंगे। www.pvvnl.org पर टोकन रीचार्ज का एक लिंक दिया जाएगा, जिस पर उपभोक्ता रीचार्ज करा सकेंगे। ऐसे में छुट्टी के दिन रीचार्ज न होने का झंझट भी खत्म हो जाएगा।
यह है प्रीपेड मीटर की कीमत
नए कनेक्शन में सिंगल फेज मीटर 6,251 रुपये और थ्री फेज मीटर का मूल्य 11,658 रुपये है। पुराने कनेक्शन की दशा में सिंगल फेज मीटर का मूल्य 6,263 रुपये और थ्री फेज मीटर का मूल्य 11,685 रुपये है। इसके अलावा फिक्स चार्ज, सिस्टम लोडिंग चार्ज, प्रोसेस शुल्क आदि देना होगा।
चार माह में कम से कम एक बार रीचार्ज
प्रीपेड मीटर चार माह में कम से कम एक बार रीचार्ज कराना जरूरी है। यदि किसी उपभोक्ता का बिल बकाया है तो उसे प्री पेड मीटर की सुविधा तब तक नहीं दी जाएगी, जब तक बकाया पूरी तरह से या किस्तों में जमा करने में सहमत न हो। न्यूनतम रीचार्ज 100 रुपये का है।