नोएडा सेक्टर-58 थाने के अंतर्गत सेक्टर-65 स्थित एक टेली-मार्केटिंग कंपनी सामान समेटकर गायब हो गई। कंपनी पर कर्मचारियों की डेढ़ माह की सैलरी बकाया है।
पीड़ित कर्मचारियों ने 19 सितंबर को सेक्टर-63 चौकी थाने में कंपनी मालिक व अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले में कोई कार्रवाई न होने पर वे सोमवार को सेक्टर-6 में एसपी सिटी और सीओ-द्वितीय से मिलने पहुंचे, लेकिन अधिकारी मौजूद नहीं थे।
सेक्टर-65 के ए ब्लॉक स्थित लाइफ साइकिल टेलीफोन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में 40 लोग कार्यरत थे। कंपनी के कर्मचारी अभय, शैलेश समेत अन्य ने बताया कि 18 सितंबर को कंपनी में छुट्टी थी। 19 सितंबर की सुबह जब कर्मचारी कंपनी पहुंचे तो वहां कोई भी नहीं था।
बिल्डिंग के गार्ड ने बताया कि कंपनी के लोग रात को ही सारे सामान लेकर चले गए। जगह खाली करते समय कंपनी मालिक व सात अन्य लोग मौजूद थे। कंपनी पर कर्मचारियों की डेढ़ माह की सैलरी बकाया है।
पता चला कि कंपनी कर्ज में डूबी थी। जब कर्मचारियों ने कंपनी के मालिक से फोन पर बात की तो उसने कंपनी को दिवालिया घोषित करने की धमकी देकर बकाया सैलरी न देने की बात कही। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच की रही है।
एक माह में ऐसा तीसरा मामला
पुलिस के मुताबिक इस क्षेत्र में एक माह में यह तीसरा मामला है, जब कोई कंपनी सामान समेटकर भाग गई। इससे पहले सेक्टर-63 के ए ब्लॉक स्थित एक कंपनी भी गायब हो गई थी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कंपनी ने 4000 कर्मचारियों के बकाये वेतन का भुगतान किया। इसके अलावा सेक्टर-63 के बी ब्लॉक स्थित एक कंपनी भी 400 कर्मचारियों का वेतन लेकर फरार हो गई थी। इस मामले में अभी तक कर्मचारियों को राहत नहीं मिल पाई है।