126 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले का चौथे आरोपी
यमुना प्राधिकरण में 126 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले में एक और आरोपी सत्येंद्र को गिरफ्तार कर मेरठ की भ्रष्टाचार निवारण अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पिछले पांच दिन में यह तीसरी गिरफ्तारी है। इस मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
इससे पहले डाटा इंफ्रास्ट्रक्चर के निदेशक सतेंद्र चौहान और रमेश बंसल को गिरफ्तार किया था। गत 22 जून को पूर्व सीईओ व आईएएस अधिकारी पीसी गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। अभी इस मामले में 30 से अधिक आरोपी फरार हैं।
सीओ ग्रेटर नोएडा (प्रथम) निशांक शर्मा ने बताया कि 3 जून को यमुना प्राधिकरण में घोटाले के मामले में कासना कोतवाली में पीसी गुप्ता समेत 21 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
जांच में छह कंपनियों समेत कई और लोगों के नाम सामने आए थे। सोमवार को मोदीनगर में दबिश देकर गांव भिरावटी, थाना बीबीनगर (बुलंदशहर) निवासी सत्येंद्र को गिरफ्तार किया है। उसने डाटा इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा खरीदी गई जमीन में से एक हिस्से का बैनामा अपने नाम कराया था।