पश्चिम दिल्ली के मादीपुर इलाके में मंगलवार सुबह चप्पल गलत बनाने को लेकर हुए विवाद में एक कारीगर ने दूसरे की चमड़ा काटने वाले धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। घायल होने के बाद पीड़ित द्वारका प्रसाद ने खुद ही पीसीआर कॉल कर सूचना दी। अस्पताल ले जाने पर द्वारका को मृत घोषित कर दिया गया।
पंजाबी बाग थाना पुलिस ने आरोपी रमेश चंद को गिरफ्तार कर लिया है। कारखाने से हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, द्वारका प्रसाद अपने परिवार के साथ नांगलोई इलाके में रहता था।
वह पिछले कई सालों से मादीपुर स्थित अमन नामक शख्स के चप्पल बनाने के कारखाने में काम करता था। इसी कारखाने में आरोपी रमेश चंद भी काम करता था। यहां पांच-छह कारीगर काम करते हैं। पुराना कारीगर होने के कारण मालिक अमन ने द्वारका प्रसाद को कारखाने की देखरेख का जिम्मा दिया हुआ था।
आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से रमेश गलत चप्पल बना रहा था। मंगलवार सुबह भी ऐसा ही हुआ। द्वारका ने रमेश को गलत चप्पल बनाने पर डांटा, इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। झगड़ा बढ़ा तो आरोपी रमेश ने चमड़ा काटने वाले धारदार हथियार से द्वारका की गर्दन व पेट में हमला कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल द्वारका प्रसाद को महाराजा अग्रसेन अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हत्या का मामला दर्ज कर मंगलवार को ही आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया।