लोक नायक अस्पताल में संक्रमण को खत्म करने के लिए दी गई दवा से एक नवजात की मौत हो गई, जबकि चार की जिंदगी खतरे में पड़ गई। चार में एक की हालत अभी भी गंभीर है। तीन नवजात इलाज के बाद आईसीयू से बाहर आ गए हैं। सभी की उम्र एक माह से कम बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि नवजात को दिए गए इंजेक्शन में गड़बड़ी हो सकती है, हालांकि अभी इस संबंध में सोमवार को विस्तृत रिपोर्ट आएगी। दवा के नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। साथ ही इसकी सूचना दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है।
इलाज में शामिल एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि जिन नवजात को संक्रमण को कम करने के लिए एंटीबायोटिक दी गई थी, उसी में एक की मौत हो गई। हालांकि इस नवजात की हालत पहले से ही बेहद खराब थी, इसलिए यह कहना मुश्किल है कि दवा की वजह से इंफेक्शन हुआ और नवजात की मौत हो गई।
संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए एंटीबायोटिक इंजेक्शन दिया गया था। रविवार को नवजात की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी और शरीर भी नीला पड़ने लगा। इसके बाद कृत्रिम ऑक्सीजन देने के साथ आईसीयू में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान सोमवार को एक नवजात की मौत हो गई।